सोमवार, 14 दिसंबर 2020

हाइकु १)

१)
वत्सल बूँदें
तुष्ट प्रसवी धरा
जीवन‌ जना

२)
नन्हें परों से
दस्तक देते पंछी
नभ किवाड़

३)
उदित हुआ
खोली ज्यों गठरिया
फैली रश्मियाँ

४)
रवि बटोही
चला ठिठक कर
कोहरा ओढ़े

५)
आकाशदीप
करे मार्ग प्रशस्त
जलता स्वयं

६) 
चाँद झिगोला
सितारे टंके मोती
यामिनी सोती

७)
गौरैया बुने
नीड़ तिनके जोड़
स्वप्न बेजोड़

८)
दुनिया सारी
मृगतृष्णा सी ढूंँढे
राह निराली

९)
भाग्य लिखते
वर्ण वाक्य बुनते
कलम चॉक 

१०)
शब्द सायक
करें घाव गहरे
सदैव  हरे

११)
संध्या झटके
जूही हरसिंगार
घने केशों से

१२)
गोधूली बेला
काजल आँजे निशा
मिलने आई

१३)
गायें रंभाई
माँ का भीगा अंचल
याद सताई

१४)
दर्पण बोले
दाग लगे चेहरे
आत्मा बेदाग

१५)
कृषक स्वेद
मरकत का डिब्बा
मोती से भरा

१६)
बादल चित्र
नैन तूलिका संग
कल्पना रंग

१७)
मासूम बच्चा
आकांक्षाओं का बस्ता
सहज ढ़ोता

१८)
आभासी जग
लेपटॉप जीवन
प्रस्तर मन

१९) 
जीवन यात्रा
अनुभव झटके
दुर्गम रास्ते

२०)
धरा जनती
तरू खनिज नीर
छाती को चीर

शर्मिला चौहान
ठाणे (महाराष्ट्र)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें