सफाई करते हुए, आज मुझे एक बक्सा मिला ।
बक्सा जो ना जाने किस धातु से बना है,
सिर्फ उसके ऊपर फूल बने हैं,
जो अब आधे अधूरे दिखाई देतें हैं
गर्द काफी जमी हुई है ,
बहुत दिनों से किसी ने छुआ नहीं है ।
अब खोलने पर चिचियाने भी लगा है ,
शायद कहता हो ,मेरी जरूरत ही क्या है ?
एक जमाने में यह राजा हुआ करता था ,
आलमारी के सारे असबाबों में बेशकीमती ।
सोने, मोतियों को अपने में समेटे हुए ।
आज भी मैंने उसे उतने ही प्यार से खोला ,
पुराने समय में झांकने लगी थी मैं ।
मेरे बच्चों की कुछ खास चीजें ,
मुझे उनके बचपन में ले जा रही थी ।
रंगीन कलमें, कुछ सूखी पत्तियां
सितारे ,बटनें और चिकने पत्थर ।
तमाम नदियों, झीलों के किनारों से उठाये पत्थर ,
उन्हें सहलाकर मैं वापस वहीं जा रही हूं ।
बक्से को प्यार से गोद में लेकर मैंने कहा_
"बेशकीमती हो तुम आज भी ,
जब जब तुमको झांकती हूं ,
बीता समय, याद बन महकने लगता है ।"
मेरा बक्सा अब मुस्कुराने लगा है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें