मंगलवार, 29 जनवरी 2019

अम्मांँजान

रेल्वे स्टेशन का चौक , शहर का भीड़ भरा इलाका , चौक के चारों तरफ हर प्रकार की दुकानें । मिठाई की , फल की , दवाईयों की , बिजली के सामान की , लाटरी टिकट की और सबसे ज्यादा चलने वाली बनारसी भैया की पान की दुकान ।

बनारसी भैया पान बेचते कम थे लोगों को मुफ्त गिलौरियां बांटने का शौक है उनको । चौक कभी शांत नहीं रहता । गाड़ी के यात्री , आने जाने वाले लोग , काम करने वाले लोग , कुली , सायकल और स्कूटर स्टैंड पर हमेशा ही भीड़भाड़ रहती है ।

शहर का सबसे महंगा क्षेत्र है । यहां एक दुकान होना भी बड़ी बात होती है । ऐसी जगह पर शांता बुआ की सात-आठ दुकानें और रहने के लिए घर भी है ।

चार-पांच दुकानें , एक बड़ी डिस्पेंसरी और दो दुकानों की जमीन पर रिहायशी दुमंजिला सादा घर है उनका ।

कान्यकुब्ज ब्राह्मण , शुद्ध शाकाहारी और अपने नाम के अनुरूप ही शांत , सीधी और सरल स्वभाव की है शांता बुआ ।

आज उनके दरवाजे पर , ताबूत में एक जनाजा रखा है । जनाजा उस औरत का ,  जिसने इस ब्राह्मण औरत के साथ , उसके दरवाजे पर रहकर सारी जिंदगी बीता दी ।

इस्लाम के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया जा रहा है । नज़दीकी मस्जिद कमेटी को इतला कर दिया था ।

उनके शरीर को नहलाकर सफेद कपड़े में लपेटकर सब नमाज़ी प्रार्थना कर रहें हैं । मौलवी साहब के कहे शब्दों को दोहराया जा रहा है ।

आज दौड़ते- भागते रहने वाला स्टेशन चौक , मानो ठिठक गया है। छोटे बड़े दुकान वाले , व्यापारी लोग , बच्चे , बूढ़े सब हाथ में गुलाब का फूल लिए अपनी " अम्माँजान " को रुखसत कर रहे हैं ।

सभी ने आसमान की ओर देखकर मृतात्मा के लिए दुआ मांगी । अपने इतने बड़े परिवार के कांधों पर सवार होकर अम्माँजान ने दुनिया से रुखसत लिया ।

शांता बुआ और उनकी बेटी फफक-फफक कर रो रहे थे । अपनी सगी माँ के मरने पर भी शांता इतना नहीं रोई थी ।

सवा महीने का शोक तो खत्म हो जाएगा पर शांता के जीवन में अम्माँजान की कमी कभी पूरी नहीं होगी ।
अठारह - बीस की रही होगी शांता , तब पिताजी ने उसका ब्याह कर दिया था ।
धनी बाप की इकलौती संतान । दो-तीन शहरों में दुकानें और जमीन थी । गांव में पैतृक घर और खेती थी ।

शांता के पिताजी का नाम जगन्नाथ मिश्र था इसलिए स्टेशन के पास की इस चाॅल का नाम "  जगन्नाथ चाॅल " है ।
जगन्नाथ जी ने अपनी संपत्ति को संभालने के लिए बेटी शांता का हाथ  एक गरीब परंतु होनहार लड़के कन्हैया के हाथ में सौंप दिया ।

शांता , गाँव में रहने वाली लड़की , बड़े घराने की परंतु स्कूल का मुंह तक नहीं देखा था । कन्हैया की तो लाटरी लग गई । सुंदर , सुशील लड़की और पिताजी के पास मनमानी जायदाद संपत्ति ।

कन्हैया पास के ही एक छोटे शहर में शिक्षक था । शादी के बाद शांता  ,इसी जगन्नाथ चाॅल की दो दुकानों को मिला कर , दुमंजिला घर बनवाकर रहने लगी । इससे इस संपत्ति की देखभाल भी हो जाती थी और शहर की सुविधा भी मिल जाती थी ।

कन्हैया छुट्टी पर आता था और कभी कभी कुछ दिन साथ में रहकर जाता था । जगन्नाथ जी गांव के पैतृक घर में रहते थे और बीच-बीच में बेटी दामाद से मिलने आ जाते थे ।

पैसे के अभाव में रहने वाला कन्हैया , अब हजारों का लेन-देन सामने देखता था ।
" आप कहें तो मैं सरकारी नौकरी छोड़ देता हूं , मिलता ही कितना है ? आपकी दुकान और सब हिसाब किताब संभाल लूंगा ।" आखिरकार एक दिन उसने अपने मन की बात कही ।

" ठीक है जैसी तुम्हारी मर्जी । आज नहीं तो कल सब तुम दोनों का ही है ।" जगन्नाथ जी ने उत्तर दिया ।

शांता को बात पसंद नहीं आई कि उसका पति अपनी नौकरी छोड़ कर ससुर की संपत्ति अभी से संभाले ।

समय के साथ-साथ कन्हैया के व्यवहार में आए परिवर्तन को वह नजरअंदाज नहीं कर पा रही थी ।
उसनेे मंहगे कपड़ों और इत्र का शौक पाल लिया था ।
अक्सर दुकान से गायब रहता और मनमाने तरीके से पैसे खर्च करने लगा था ।

शादी के दो साल बीत गए और शांता अपने आप को बहुत अकेला महसूस करने लगी थी ।
पिताजी बीच-बीच में गांव से आकर हालचाल देख जाया करते थे ।
अनुभवी आंखों ने हिसाब-किताब की गड़बड़ी और बेटी के बुझे चेहरे को पढ़ लिया था । अब जगन्नाथ जी उम्र ,  समय की मार और काम के बोझ से थक गए थे।

अपनी बेटी के स्वभाव को वे अच्छे से जानते थे । गांव जाकर उन्होंने इस चाॅल , पैतृक सम्पत्ति की वसीयत बनवाकर वकील के पास रखवा दी ।

जब शादी के तीन साल हो गए और घर में बच्चे की किलकारी नहीं गूंजी तो जगन्नाथ जी व्याकुल हो उठे ।
अब उनका गांव से बाहर आना जाना कम होता जा रहा था और कन्हैया की मनमानी बढ़ती जा रही थी ।

दुकानदारों , किराएदारों पर रौब जमाता फिरता , घर में तो उसका मन बिल्कुल नहीं लगता था ।

अम्मांजान के मृत शरीर को देखते ही शांता को अपने पिताजी के अंतिम दर्शन की याद आ गई थी । 
पिताजी ने गांव के घर में अंतिम सांस ली थी । खबर मिलते ही शांता एक किरायेदार को साथ लेकर चली गई थी क्योंकि कन्हैया का कुछ पता नहीं था ।

दो दिन बाद कन्हैया आया और वकील के वसीयत पढ़ने पर बहुत हंगामा किया ।
वसीयत में जगन्नाथ जी ने सारी चल-अचल संपत्ति, शांता और उसके होने वाले बच्चों के नाम किया था ।

पिताजी की इच्छानुसार उनकी अस्थियों को इलाहाबाद में प्रवाहित करना था ।
कन्हैया अपने दो दोस्तों को लेकर गया । बाद में पता चला कि उसने अस्थियां पास ही की किसी नदी में बहा दिया और इलाहाबाद का खर्च शांता से ले लिया ।

तेरह दिन गांव में रहकर , पिताजी के सब क्रियाकर्म करने के बाद शांता वापस इस घर में आ गई ।
अब इतनी जायदाद संभालना उसे भारी लगता था । किराएदार बहुत ईमानदार थे और बिना बोले समय पर पैसे दे देते थे ।

अपनी दुकान भी किराए पर दे देनी पड़ी क्योंकि कन्हैया गांव के घर में आराम से रहता था । कभी कभी जब आता तो किराएदारों से अग्रिम किराया वसूल कर चला जाता ।

एक रात बारिश हो रही थी और शांता अकेली थी । स्टेशन से रेलगाड़ी की सीटी सुनाई दी।
शायद पैसेंजर ट्रेन है यही समय है उसका । रेलवे के टाइम टेबल का पक्का अंदाज है उसको ।

इस बात को आधे घंटे बीते होंगे और दरवाजे पर दस्तक हुई । उसने सोचा कि बारिश के जोर से गिरने की वजह से आभास हो रहा है ।

कुछ क्षणों के बाद जोरों से थाप  हुई तब शांता का दिल जोरों से धड़कने लगा । कौन होगा इतनी रात को ?
दरवाजे पर कान लगाकर सुनने की कोशिश की ।
फिर जोर से पूछा _ " कौन है ? इस वक्त दरवाजा क्यों पीट रहे हो ? "

कहीं कन्हैया तो नहीं आया ? वह भी किसी भी समय आता जाता
है ।
कोई ठीक ठिकाना नहीं है उसका।
" मैं हूँ एक अभागन , जरूरतमंद । मदद करो । अल्लाह तुम पर करम करेगा ।" एक औरत की भरभराई हुई सी आवाज आई ।

" नहीं नहीं , इतनी रात गए मैं कोई मदद नहीं कर सकती। । तुम कल सुबह आना । " कहते हुए शांता अंदर के कमरे में आ गई ।

सुबह लोगों की आवाजों से उसकी नींद टूटी। हाॅटल में काम करने वालों की आवाजें , बरतनों की आवाज गाड़ियों की आवाज और सायकल स्टैंड पर भीड़ की आवाज  , ये रोजमर्रा की जिंदगी की सुबह का स्वागत है ।

उसने हाथ मुंह धोकर सामने का दरवाजा खोला तो सामने देखकर उसके पैरों की जमीन खिसक गई ।  सीढ़ियों पर एक औरत बेहोश पड़ी थी और आने जाने वाले लोग उसे रुक रुककर देख रहे थे । इस औरत को कभी आसपास देखा नहीं था ।

चालीस-पैंतालीस के बीच की होगी , सांवला रंग , थोड़ा मर्दाना चेहरा  , कठोर बनावट , कमर तक का ब्लाउज़ , लंबी आस्तीन , घेरदार लहंगा ( जिस पर जगह जगह पैबंद लगे थे ) और नाक में बड़ी सी नमूने दार लौंग थी ।
एक हाथ में काला धागा बांधी थी और कमर में बटुआ खोंस रखी थी । सूती का पुराना दुपट्टा लपेटे हुए थी । पास ही कपड़ों की एक गठरी पड़ी थी ।

एक बार देखने में उसका व्यक्तित्व थोड़ा कठोर और डरावना लगता था । सब सोच रहे थे कि यह कौन है ? कहां से आई है और यहां कैसे पड़ी है ?

" जा रे छोटू , दौड़कर जा । डाक्टर  साहब को बुला ला । वे तो आए नहीं होंगे तो कोई कम्पांडर या नर्स को ही ले आना । " शांता ने हाॅटल में काम करने वाले एक लड़के को बोला ।

" दीदी , इतनी सुबह कोई नहीं आता अस्पताल में , बंद होगा । " अलसाते छोटू ने कहा ।
" अरे.. कोई ना कोई जरुर होगा । तू जा तो सही । अस्पताल बंद नहीं रहता ।" शांता ने जरा डाँटकर कहा ।

थोड़ी ही देर बाद कंपाउंडर हाथ में दवाई की पेटी लिए आ गया ।नब्ज देखी और एक गोली पानी में मिलाकर मुंह में डाल दी ।

दो-तीन  मिनट बाद उसने अपनी आंखें खोली । अपने चारों तरफ लोगों को देखकर घबरा गई । उठकर बैठ गई और सिर पर से दुपट्टा ढांक लिया ।

" कमजोरी , भूख और थकान के कारण बेहोश हो गई थी । थोड़ा कुछ खाने के बाद ये दवा दे देना । " कहते हुए कंपाउंडर ने विष्णु के हाथ में एक पुड़िया पकड़ा दी ।

शांता ने दो रुपए उसके हाथ में धर दिए और उस औरत के खाने के बारे में सोच रही थी कि हाॅटलवाले लड़के ने गरम दूध के साथ डबलरोटी ला दिया ।

उसने चुपचाप खाना शुरू कर दिया और देखते ही देखते आधा पैकेट खत्म कर दिया । बची को अपनी गठरी में संभालकर रख लिया ।
उदरज्वाला से क्षुब्ध मन को मानो सुकून मिला । भविष्य की चिंता ने बची डबलरोटी को सहेजकर रखने पर विवश कर दिया ।

धीरे धीरे भीड़ छंट गई और लोग अपने कामों में लग गए । शांता भी अंदर आई , स्टोव पर चाय रखा और दूसरे कामों में लग गई ।

चाय की प्याली हाथ में लेकर जब बरामदे में आई तो उस औरत ने कहा _ " थोड़ी चाय मुझे भी दे दे बेटा । दूध से कहीं चाय की तलब जाती है भला ।"

शांता ने पूछा _ " नाम क्या है तुम्हारा ? "

" नाम  उनके होते हैं जिनके सिर पर अम्मी-अब्बा का साया होता है। यतीमों के कभी नाम नहीं हुआ करते ।" गला साफ करके कर्कश , भारी आवाज में आगे बोली _ " वैसे लखनऊ में लोग मुझे 'नज़मा ' बुलाते थे ।"

" मुसलमान हो ?" शांता ने भौंहें चढ़ाकर कहा ।
" मजहब तो इंसान बनाता है बेटा । मैं तो मुसीबत की मारी एक जनानी हूँ । " उसने स्वर को नम्र बनाकर दुःखी होकर कहा ।

सचमुच जब पेट भरा हो तब धर्म , जाति , ऊंच- नीच , अमीर - गरीब की बातें आती हैं । खाली पेट तो सिर्फ रोटी और उसके दाता को अपना भगवान मानता है । दुनिया की सारी दार्शनिकता रोटी के टूकडों में सिमटकर रह जाती है ।

ना जाने क्या सोचकर शांता ने पुराने टूटे से प्याले में उसके सामने चाय धर दी _ " चाय पीकर प्याला फेंक देना । " कहते हुए दरवाजा बंद कर लिया ।

नहा-धोकर खाना बनाया । रोज की तरह भगवान जी की पूजा की और घंटी बजाई । उसके कानों में भजन के स्वर आ रहे थे । ध्यान दिया तो कृष्ण जी का प्रसिद्ध बाल रूप वाला भजन _
  " धूरि भरे अति शोभित स्यामजू ,
तैसेइ बनी सिर सुंदर चोटी ।
खेलत खात फिरै अंगना ,
पग पैंजन बांधत पीरी कछोटी ।"

दरवाजा खोलकर देखा तो वो  भजन गाते हुए अपने बाल सुखा रही थी ।
" तुम गई नहीं अब तक ? " शांता कठोर स्वर में बोली ।

" कहां जाऊंगी बेटा , खुदा ने तेरे दर पर पटक दिया है तो आसरा दे दे । तेरे पर बोझ नहीं बनूंगी । अल्लाह ने तेरे दरवाजे पर जिंदगी लिखी है शायद  । " उसने कातर स्वर में कहा ।

" अरे... मैं कैसे रख सकती हूँ तुमको ?ना जान -ना पहचान , मैं तेरी मेहमान । नहीं नहीं , तुम कोई और ठिकाना देखो । " चिढ़ते हुए शांता बोली ।

" ठौर - ठिकाना तो खुदा बख्शता है , नहीं तो सारा जहां छोड़कर तेरे दरवाजे पर क्यों पटकता ? पक्की मुसलमान हूं , नेकनीयत, खुदा से डरने वाली । तेरा धर्म कभी नहीं बिगाडूंगी । " अपना दुपट्टा फैलाकर उसने भीख मांगते हुए कहा _ " सारी जिंदगी इस चौखट के बाहर गुज़ार लूंगी पर उसको पार करने की जुर्रत कभी ना करुंगी ।"

आसपास के दुकान वाले , होटल वाले भी आकर सुन रहे थे ।
कोई बोला _ " रहने दो दीदी , यहीं  पड़ी रहेगी । आपके किसी काम ही आएगी । रही खाने- पीने की बात वो कोई ना कोई होटल वाला , कुछ ना कुछ दे ही देगा ।"

वह सहसा गुर्राई _ " नहीं ... नहीं।
हराम का नहीं खाऊंगी । काम धंधा करके पेट भरुंगी । " शांता की ओर मुखातिब होकर बोली _ " तेरे घर का भी नहीं खाऊंगी मुफ्त में । कीमत अदा करके ही खाऊंगी । ये देख , मैंने चाय के पैसे रख दिए हैं । " और उसने चौखट पर रखी चवन्नी की ओर इशारा किया ।

इस प्रकार , एक अनजानी , अनचाही , अपरिचित औरत कब स्टेशन चौक की  " अम्मांजान " बन गई  , पता ही नहीं चला ।

सामने की उस थोड़ी सी जगह में  , सीढ़ी और सड़क के बीच की , उसने अपना बसेरा बना लिया ।

बारिश का मौसम था किसी ने बांस दिया , किसी ने तारपोलिन ला दिया शांता ने घर में पड़ी रस्सी दे दी । देखते ही देखते एक छोटी सी झोपड़ी तैयार हो गई ।

झोपड़ी क्या थी , बस्सस..सिर छुपाने के लिए एक छोटी सी जगह थी । एक गठरी , एक-दो बरतन , मटका और ओढ़ने बिछाने की चादर बस यही गृहस्थी थी उसकी ।

होटल वाले ने एक पुराना खस का दरवाजा दे दिया, जब वह सोती तो दरवाजा टिका दिया करती थी ।

पांच वक्त की नमाज़ी थी । स्टेशन पर लोगों का सामान उठाती थी । जो पैसे मिलते उसका थोड़ा सा भाग मिट्टी के गुल्लक में जमा किया करती थी ।

धीरे धीरे सब दुकानदार , काम करने वाले बच्चे , सायकिल स्टैंड पर आने जाने वाले और पान खाने वाले , उसको पहचानने लगे।

जुबान की बहुत मीठी थी , कर्कश आवाज में दिल का अपनापन डाल दिया करती थी । काम करने वाले बच्चों को कभी पिपरमेंट की गोलियां बांटती तो कभी बिस्कुट ।

एक दिन कन्हैया घर आया और सामने झोपड़ी देखकर तमतमा गया ।
" अबे , ये किसने बनाई , किससे पूछ कर बनाई ? हिम्मत बहुत बढ़ गई है क्या? " उसने जोर से पूछा।

" मैंने ही बोला था कि बना लो । एक बेबस औरत , बेसहारा भटक रही थी तो उसके गिड़गिड़ाने पर मुझे दया आ गई ।" शांता ने डरते हुए कहा ।

" अच्छा ! बड़ी दाता - दानी बन गई हो । एक दिन तुमको ही ठिकाने पर लगा कर निकल जाएगी ।" कन्हैया ने मुंह बिचकाकर कहा ।

"सभी तो स्वार्थी हैं इस दुनिया में , ठिकाने तो कोई भी कभी भी लगा सकता है ।" सपाट स्वर में शांता बोली ।
उन दो-तीन दिनों अम्मांजान ने शांता से कुछ बातें नहीं की ना ही चाय के लिए रूकती थी ।
कन्हैया को आते जाते , सिर पर दुपट्टा डाल कर सलाम करती थी।

कन्हैया को बीस हजार रूपए चाहिए थे और शांता को इतने रूपए बैंक से अकारण निकालने का बिल्कुल मन नहीं था । चुनाव आ रहे थे और पार्टियों को खर्चा देना कन्हैया ने अपनी शान मान लिया था । अंततः वह पैसे निकाल कर ले गया ।

कहते हैं कि सूर्य अपने रथ पर सवार होकर विचरण करते हैं । शांता को लगता कि उनकी गति दिनों दिन बढ़ती ही जा रही है ।
कब सुबह होती और रात के साथ समय का पहिया आगे बढ़ जाता है ।

शांता की बच्चे की चाहत अब मायूसी में बदलती जा रही थी ।
अम्मांजान भली-भांति  उसके दिल का हाल पढ़ लेती थी ।

कभी किसी मजार पर चादर चढाती , तो कभी किसी मौलवी से ताबीज ले आती । कभी किसी मंदिर में प्रसाद चढ़वाती तो कभी किसी पेड़ पर धागा बांध आती ।

जन्माष्टमी का समय पास था । स्टेशन चौक और आसपास को बहुत सजाया गया था । दो किलोमीटर पर प्रसिद्ध "राधाकृष्ण मंदिर " है , जहां  कृष्ण जन्मोत्सव बहुत धूमधाम से मनाया जाता है।

सप्ताह भर कृष्ण लीला होती है और जन्म के अगले दिन दही -हांडी की धूम मची रहती है ।

स्टेशन चौक , रंग बिरंगी कागज की झंडियों , बिजली के लट्टूओं और फूलों से सजाया जाता है ।

जन्माष्टमी के दिन शांता ने व्रत किया । चाय बनाकर अम्मांजान को दी तो वो बोली _ " आज तो रात बारह के बाद ही कुछ खाऊंगी , पियूंगी । आज तो नंदलाला की पैदाइश का दिन है ।"

चाय की तलबी , अम्मांजान का कृष्ण प्रेम , रसखान के अनन्य भाव की झलक दिखाता था ।

संध्या समय अपने घर पर झूला सजाकर , लड्डू गोपाल को बिठाकर वह मंदिर जाने की तैयारी करने लगी ।
मंदिर में भजन कीर्तन में कब बारह बजते हैं पता नहीं चलता ।

उसकी तैयारी देख अम्मांजान बड़बड़ाने लगी _ " अपने घर ही रात भगवान का जन्म कर बेटा । वही मंदिर में है वही तेरे घर पर है। अपने घर जन्म करेगी तो अगले बरस सांवला सरकार तेरी गोद में खेलेगा ।"

ना जाने क्या जादू था उसकी बातों में कि शांता ने घर पर ही कृष्ण जन्म करने का मन बना लिया । जब वो फूलों की माला गूंथ रही थी तब अम्मांजान अपनी कड़क आवाज में कृष्ण भजन गा रही थी ।

मध्यरात्रि जब " कृष्ण कन्हैया लाल की जय " , "हाथी घोड़ा पालकी , जय कन्हैया लाल की" का जयघोष गूंज रहा था तब अम्मांजान गोल-गोल घूमकर  , दुपट्टा लहराकर गा रही थी _

" नटवर नागर नंदा ,भजो रे मन गोविन्दा ।
श्यामसुंदर मुख चंदा , भजो रे मन गोविन्दा ।"
इतना भावविभोर होकर नाच रही थी कि तन की सुध नहीं थी । बाद में प्रसाद खाकर आराम से सो गई।

शांता ने अपने पिता से सुना था कि आस्था का दूसरा नाम ईश्वर हैं और उसपर किसी भी प्रकार का कोई बंधन नहीं होता । आज आंखों के सामने साक्षात हुआ ।

अम्मांजान के विश्वास और शांता के धैर्य की जीत हुई , अगली जन्माष्टमी के पहले ही गोल-मटोल  प्यारा मुन्ना झूला झूलने लगा ।
अब वारिस आ जाने से कन्हैया भी बहुत खुश था क्योंकि उसी के सहारे उसकी नैया पार लगने वाली थी ।

दाई , कामवाली बाई ,  मालिश वाली सब ढूंढ लाई थी अम्मांजान। उनकी नसीहतों का सिलसिला चालू रहने लगा था ।
मुन्ने को वो " माधव " पुकारती थी।
एक दिन गुल्लक तोड़ दिया और जमा पैसों से चांदी की करधनी ले आई । अपने हाथों से माधव को पहनाकर मानो हजयात्रा का सुख प्राप्त करती थी ।

"इतना प्रेम कहां से आया इस कठोर शख्सियत में ? आज के जमाने में भी कोई इतना नि:स्वार्थ प्रेम कर सकता है ? " शांता सोच में पड़ जाती थी ।

  माधव में मानो जान बसती थी उनकी । तेल लगाकर धूप में बैठकर उसको गाने , भजन सुनाती । उन्हीं की गोद में सोता था रोज । जब नींद गहरी हो जाती थी तब उसे झूले पर डलवा कर काम पर जाती थी ।

काम में भी मन नहीं लगता था । दो-तीन घंटे में आ जाती ।

समय बीतता गया और एक बेटी को शांता ने जन्म दिया।
"  माधव की बहन तो सुभद्रा ही रहेगी । " अम्मांजान ने कहा और सचमुच सब बच्ची को सुभद्रा बुलाने  लगे ।

कन्हैया अब कई कई दिन घर आता नहीं था । वह हमेशा माधव को अपने साथ गांव ले जाने के लिए झगड़ा करता था ।
अंत में शांता ने वकील से बच्चे को अपने साथ रखने का अधिकार , न्यायालय से ले लिया।
कन्हैया जमीनों को एक के बाद एक करके बेच रहा था।

जब भी आता जमीन के किसी टुकडे़ के कागजात पर शांता के दस्तखत करवा लेता । शराब और जुए की लत लग चुकी थी ।

शांता ने अम्मांजान की मदद से दोनों बच्चों को बड़ा किया । मैट्रिक की परीक्षा में अच्छे अंक लाने के बाद माधव को दूसरे शहर के महाविद्यालय में भेज दिया। छात्रावास में रहता और डेढ़-दो माह में घर आता था ।

अम्मांजान भी अब सामान ढोने का काम नहीं कर पाती थी । शांता ने उनके लिए एक छोटी सी पानठेलेनुमा दुकान डाल दी थी । चाकलेट , गोली , बिस्कुट , चूरन और छोटे छोटे खिलौने बेचती थी । सुभद्रा को स्कूल से लाने ले जाने का काम वो बड़ी शिद्दत से करती थी ।

अब सुभद्रा कालेज में आ गई और अम्मांजान ने शांता को सलाह दी _ " बिटिया सयानी हो रही है । अपनी बिरादरी में बात चलाओ । शादी की बात में बखत  लग ही जाता है । " शांता भी वही चाहती थी ।

माधव भी उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका जाने की बात कहता था अत: शांता ने दुकान में से कुछ बेच दी और खेत का बड़ा हिस्सा भी निकाल दिया ताकि माधव अपनी शिक्षा पूरी कर सके ।

माधव के अमेरिका जाने की तैयारियां शुरू हो गई और अम्मांजान ने उसको घरेलू नुस्खे और उपचार लिखवा दिए । जाते समय उसकी बांह पर ताबीज बांध दी और कृष्ण जी की छोटी सी मूर्ति सूटकेस में रखवा दी ।

माधव के जाने के बाद वो बहुत उदास रहने लगीं थीं और बातें भी कम करती थी ।
शांता ने कई बार पूछने की कोशिश की कि क्या कोई सगा संबंधी , रिश्तेदार हैं जिनसे मिलने का मन हो ।

सिर झटककर हंसकर कहती _" मेरो तो गिरधर गोपाल दूसरो न कोई ।" फिर गठरी खोल कर माधव की एक फोटो निकाल कर कहती  _" ये ही मेरा गोपाल है । जब इस दुनिया से रुखसत होऊंगी तब मेरी कब्र में इससे तीन दफा मिट्टी डलवा देना , मेरी रूह को सुकून आ जाएगा ।"

बाहर की सरदी , बारिश की हवाओं और गर्मी की तपिश से उनका शरीर थक गया था । दबी जुबान में शांता ने कई  बार बरामदे में आकर सोने को कहा , तो वह सीधे मना कर देती ।

एक खुद्दार औरत , परिस्थितियों को झेलकर भी खुशमिजाज, जिंदगी से भरी , प्रेम से लबालब , शरीफ , नेक,  ईमानदार और जुबान की पक्की ।

धर्म और जाति, मजहब और पंथ से ऊपर की सोच रखने वाली अम्मांजान ने शांता के घर की देहरी कभी नहीं लांघी, परंतु सैकड़ों लोगों के दिलों के दरवाज़े पार कर गई ।

आज स्टेशन चौक के चिरपरिचित चेहरे गमगीन थे मानो उनका कोई सगा मर गया हो ।

अब शांता को इंतजार था माधव का । अम्मांजान की रुह,  कब्र में उसकी हाथों की मिट्टी का इंतजार कर रही है ।

सोमवार, 21 जनवरी 2019

पालनाघर

" नहीं... मुझे नहीं खाना है कुछ...। " जोर जोर से रोते हुए ध्रुव ने जिद ठान ली ।

" क्यों नहीं खाना ? भूखे सोओगे क्या ? " शिखा ने भी जोर की आवाज में पूछा ।

" आप पहले कहानी बताओ , तभी खाऊंगा । " गुस्से से पैर पटकते हुए ध्रुव बोला ।

शिखा ने आव देखा ना ताव , एक चांटा उसके गाल पर जड़ दिया । नन्हा सा बच्चा एक क्षण के लिए सहम गया , फिर जोर जोर से रो-रोकर घर सिर पर उठा लिया ।

दूसरे कमरे से तपन तेजी से बाहर आया और ध्रुव को गोद में उठा लिया ।
" क्या हुआ बेटा , मत रोओ । मैं आज तुम्हें कम्प्यूटर पर नया गेम सिखाता हूं । चलो , हम खेलेंगे । " कहते हुए तपन ध्रुव को लेकर अपने स्टडी रूम में चला गया ।

थोड़ी देर बाद ध्रुव के रोने की आवाज बंद हो गई ।

     इंदौर का यह एक छोटा सा परिवार है ‌। तपन और शिखा  , दोनों काम पर जाते हैं ।
ध्रुव को इस साल किंडरगार्टन में डाला है । सुबह नौ बजे तपन उसको स्कूल छोड़कर आफिस चला जाता है ।
दोपहर को स्कूल बस उसे पालनाघर छोड़ देती है । दिनभर ध्रुव वहां रहता है । शाम को शिखा उसे लेती हुई घर आती है ।

यह दिनचर्या करीब तीन महीने से है और ध्रुव इस बीच बहुत जिद्दी , चिड़चिड़ा और कमजोर हो गया है ।
" कितना मुश्किल है छोटे बच्चों को संभालते हुए नौकरी करना ।  घर -गृहस्थी के साथ नौकरी की जिम्मेदारी कठिन है बहुत । "  मन ही मन शिखा ने सोचा ।

" ध्रुव तो छोटा बच्चा है , आजकल मुझे कितना गुस्सा आता है कि उस पर हाथ उठा देती हूं । बच्चा ज़िद करेगा तो क्या मैं ऐसे ही मारूंगी ? " माँ का मन मोम की तरह पिघल कर आँखों से बहने लगा ।

शिखा ने तुरंत उठकर दूध गर्म किया । बहुत सारा बोर्नविटा मिलाकर , चम्मच से घोलती हुई  ध्रुव के पास गई तो देखा ध्रुव कुर्सी पर सो गया है । तपन लेपटॉप पर अपने काम में मशगूल हैं ।

दूध का गिलास रखकर ध्रुव को गोद में उठा कर अपने कमरे में आ गई । ध्रुव के काले-घुंघराले बालों में अंगुलियां  फेरने लगी ‌।
कोमल , सफेद गाल पर उसकी अंगुलियों के निशान उभर आए थे। आंखों से बरसता आंसू अब उनपर मरहम का काम कर रहा है।
" कितनी मुश्किलों का है यह जीवन ? " अपनी तकलीफ शिखा को एवरेस्ट की तरह दुस्साध्य लग रही थी ।

शिखा के मायके में भी कोई नहीं है कि कुछ मदद ले सके । मम्मी तो सालों पहले चल बसी थी और दो साल पहले पापा भी नहीं रहे ।

भैया भाभी का अपना परिवार है , वैसे भी कोई कितने दिन रह सकता है ।
तभी तपन बाजू में आकर बैठ गया । वह एकटक शिखा की तरफ देखने लगा ।
" अभी भी कुछ नहीं बिगड़ा है शिखा । अम्मां से माफी मांग लो , ले आते हैं उन्हें। ध्रुव की देखभाल बहुत अच्छी तरह करेंगी वो । तुम उनको लाना क्यों नहीं चाहती ? "  तपन ने सुझाव दिया ।

डबडबाई आंखों से शिखा ने तपन की ओर देखा _ " मैं नहीं लाना चाहती हूं या वो आना नहीं चाहती हैं । उन्हें यहां रहना पसन्द ही नहीं है । मेरा कोई भी काम उन्हें अच्छा नहीं लगता । " उसने कहा ।

तपन ने समझाते हुए कहा _ " ऐसी बात नहीं है शिखा । अम्मां शुरू से ही तेज स्वभाव की हैं । दिल से तो वो सबको बहुत प्यार करती है । "

तमककर शिखा बोली _ " कितना प्यार है , मुझे मत समझाओ । भूल गए कि दीवाली के त्यौहार पर , क्या बखेड़ा कर दिया था  ? "  तपन भी उसी घटना के बारे में सोच रहा था जब अम्मां को गांव से लाए थे , साथ दीवाली मनाने के लिए ।

नमकीन , मठरी और गुझिया अम्मां के साथ मिलकर शिखा ने बनाया , पर जब अम्मां ने कहा _ " बहू , बेसन की बर्फी बना लेना , उसी का भोग लगाएंगे । "

शिखा ने कहा _ " मांजी , मुझे बर्फी बनाना नहीं आता । जरूरी हो तो होटल से लाकर भोग लगा देंगे । "

बस्स... इतना सुनना था और अम्मां बरस पड़ी _" क्या आता है तुम्हें ? कोई चीज बनाती हो खुद से । बाहर से मंगवा लोगी , बड़ा घमंड है अपनी नौकरी और पैसों का । "

बीच बचाव करते हुए तपन ने कहा _ " अम्मां , उसको नहीं आता तो तुम ही सिखा दो । उसकी मां बचपन में चल बसी , कौन सिखाता उसको ? बोलो तो बाहर से ले आऊंगा । "  त्यौहार के माहौल को देखते हुए तपन ने कहा ।

" एक तो इसे किसी भी काम का शऊर नहीं है और ऊपर से तू इसका पक्ष ले रहा है ।" गुस्से से तमककर अम्मां ने कहा ।

दूर खड़ी शिखा ने भी तल्खी से उत्तर दिया _ " बर्फी बना  नहीं सकती , परंतु आपको जिंदगी भर खिला सकती हूँ । कमाती हूँ वो भी तपन से ज्यादा ।"

अभी दीपावली के लिए दो दिन बाकी थे परंतु इस घर के हर कोने में फटाके फूटने लगे । दिमागों में फुलझडियाँ उड़ने लगी ।

जब लोगों के घरों में लट्टूओं की रंगीन जगमगाहट थी , तब हमारा घर आंसुओं के सैलाब में डूबा था।

आनन फानन में अम्मां ने सामान बांध लिया और घर से निकल पड़ी । तपन ने बहुत कोशिश की पर वो नहीं मानी ।
स्टेशन में चार घंटे के इंतजार के बाद रेलगाड़ी आई और बिना आरक्षण के बहुत तकलीफ से वो गए । तपन की वह दीवाली , आने जाने में ही निकल गई ।

सहसा..ध्रुव के कराहने से तपन और शिखा की तंद्रा टूट गई ।
"  ध्रुव बेटा .. उठो । बोर्नविटा वाला दूध है , पी लो । बहुत सारा बोर्नविटा डाला है मम्मी ने । उठो ..। " कहते हुए शिखा ने ध्रुव के शरीर पर से हाथ फेरा तो वह करवट बदल कर फिर से सो गया।

दीर्घ श्वास लेकर शिखा ध्रुव को बगल में चिपटा कर सो गई । सोच रही थी कि शायद पालनाघर बच्चे को पसन्द नहीं आ रहा है ।

शिखा की एक सहेली की बेटी भी पालनाघर में ही रहती है और वो हमेशा उस पालनाघर की बहुत तारीफ करती है । कल ही उससे पता करने का विचार करते हुए शिखा को नींद आ गई ।

दूसरे दिन सहेली ने बताया _ " मेरी बेटी चार साल से पालनाघर में रहती है ।  "नानी - दादी पालनाघर " में बहुत खुश रहती है । अब तो वह आठ साल की हो गई ।"

" नानी - दादी पालनाघर"  का नाम सुना था कि बच्चों, की घर के समान देखभाल होती है ।

दूसरे दिन शिखा ने छुट्टी का आवेदन दे दिया और शाम को ध्रुव को लेकर घर आ गई ।
ध्रुव को गोद में बैठाकर बोली _ " बेटा , कल तुमको एक अच्छी जगह घुमाने ले जाऊंगी । तुम्हें वहां अच्छा लगेगा तो फिर स्कूल से वापस आकर तुम वहीं रहा करना। ‌" मासूम बच्चे को बात ज्यादा समझ में आई नहीं ।

दूसरे दिन दोपहर को आटो रिक्शा से शिखा पालनाघर पहुंची । गेट पर चौकीदार ने पूछताछ की और रजिस्टर में नाम दर्ज किया ।

अंदर का नजारा एकदम अलग सा था । एक अलग दुनिया , जो शहर के शोर-गुल से दूर गांव जैसा वातावरण देती है ।

बड़े-बडे़ नीम और आम के पेड़ , फूस की झोपड़ी नुमा पक्के घर थे । पेड़ों पर रस्सी के झूले बंधे थे और कुछ बच्चे झूल रहे थे । एक दो बुजुर्ग महिलाऐं उनका ध्यान रख रहीं थीं ।

एक बड़े से बाड़ में कुछ रंग-बिरंगी चिड़िया रखीं थीं । कुछ बच्चे मिट्टी के बर्तन बना रहे थे तो कुछ सूखे बर्तन में रंग कर रहे थे ।

सब बच्चे किसी ना किसी काम में लगे हुए थे । कुछ खाटें बिछी हुई थी और एक पर ऊंची कद-काठी की , गोरी महिला बैठी थी । पांच-सात बच्चे उसको घेरे हुए थे ।

पास ही एक महिला पौधों में पानी डाल रही थी । शिखा ने उनसे पूछा_ " मुझे पालनाघर की मालकिन से मिलना है ।"
" चलती जाओ ,जो बच्चों से घिरी बैठी है , कहानी सुना रही है , वही मालकिन हैं ।" महिला ने अंगुली उस दिशा में दिखाकर कहा ।

साठ-सत्तर के आसपास की बहुत महिलाऐं दिखाई दे रही थी जिन्हें बच्चे नानी या दादी पुकार रहे थे ।
चारपाई पर बैठी महिला भी पैंसठ सत्तर की होगी । वो बच्चों को राक्षस और परी की कहानी बता रही थी और बच्चे तल्लीनता से सुन रहे थे ।

एक बच्चा गोद में बैठा था और बाकी चारपाई तथा जमीन पर ।
महिला के कहानी सुनाने का ढंग लाजवाब था और शिखा को अपना बचपन याद आ गया ।

बचपन में जब मम्मी के साथ , गर्मियों की छुट्टी में नानी के घर जाती थी तब रात को नानी ऐसे ही चारपाई पर बैठ कर कहानी सुनाती थी ।
मौसी और मामा के बच्चों के साथ बडा मजा आता था । आज के बच्चे तो उस सुख से भी वंचित रह जाते हैं ।ध्रुव के सिर पर हाथ फेरने लगी तो वह कबका हाथ छुड़ा कर चारपाई के पास खड़े होकर कहानी का मजा ले रहा था।

एक नए बच्चे को देखकर , कहानी वाली महिला ने नजर घुमाकर देखा ।

दबंग व्यक्तित्व , अनुभवी पैनी आंखें , गोल-मटोल काया , सुनहरे किनारे वाली सफेद सूती साड़ी , बड़ी लाल बिंदी और हाथों में सोने की एक-एक चूड़ी ।

शिखा ने हाथ जोड़कर अभिवादन किया ।

" आओ आओ , खड़ी क्यों हो ? बेटा तो आकर बैठ भी गया । " मुस्कुराते हुए शिखा का स्वागत किया ।
" आपका नाम क्या है? " ना जाने क्यों शिखा ने पूछ लिया ।

" क्यों , " कहानी वाली नानी " पसंद नहीं आया क्या ? " ठहाका मारकर उन्होंने कहा । शिखा झेंप गई ।

" ये मेरा बेटा ध्रुव है , चार साल का है । मैं और मेरे पति दोनों काम पर जाते हैं । स्कूल के बाद इसे दिनभर पालनाघर में रखते हैं। ‌" शिखा ने लंबी सांस भरकर आगे बताया _" तीन महीने हो गए परंतु ये बहुत रोता है , जिद करता है और कमजोर भी होता जा रहा है । समझ में नहीं आ रहा है कि क्या करें । आपके पालनाघर की बड़ी तारीफ सुनी थी मैंने इसलिए आज इसे लेकर आई हूं ।" शिखा ने सब कुछ साफ शब्दों में कह दिया ।

ध्रुव को देखा तो बच्चों के साथ रेत में किला बना रहा था । एक महिला उनको किले की जानकारी दे रही थी , राजाओं के नाम बता रही थी ।

कहानी वाली नानी ने कहा _ " हमारा तो काम ही है बच्चों की देखभाल करना , उनको घर का सा वातावरण देना और अच्छी बातें सिखाना । कुछ बच्चे स्कूल जाकर दोपहर को यहां आते हैं और कुछ सुबह आकर यहीं से दोपहर स्कूल जाते हैं । "

उन्होंने चारों तरफ दृष्टि दौड़ाई फिर कहने लगी _"  तीन से दस साल तक के बच्चे रहते हैं यहां । सबकी देखभाल के लिए नानियां - दादियां रहतीं हैं ‌यहां । ये सारी महिलाएं अपने घरों से किसी ना किसी रुप में बाहर निकाली हुई है। यहां सब मिलकर परिवार का सुख लेती हैं और बच्चों को प्रेम से रखतीं हैं । " शांत स्वर में उन्होंने कहा ।

शिखा ने देखा , दोपहर के खाने के लिए उन सबने बच्चों को प्यार से , कुछ को जबरन ले जा रही है।

पहले उनका हाथ पैर साफ किया , कपड़े बदले और खाना खिलाने लगीं ।
ध्रुव भी उनके साथ खाना खाने चला गया । शिखा जब रोकने लगी तब " कहानी वाली नानी " ने कहा_" अरे... क्यों रोकती हो ? बच्चा है , बच्चों के साथ ही खाएगा ना । जाने दो उसे ।"

एक महिला ने उसे भी शरबत लाकर दिया ।

" हमारे यहां की महिलाएं अपने अपने काम में कुशल हैं । कोई खाना अच्छा बनाती हैं , कोई बाग-बगीचे की शौकीन हैं , कोई बच्चों को पढ़ाती हैं और उनके गृहकार्य में मदद करतीं हैं । कुछ अच्छी शिक्षिका हैं जो बच्चों को कम्प्यूटर पर सिखाती हैं ।"

शिखा के कान में फुसफुसा कर बोली _ " मुझे तो कुछ आता नहीं  इसलिए बच्चों को कहानियां सुनाकर उनका मन बहलाती हूँ।" और वह खुद ही हंस पड़ी ।

" क्या तुम्हारी मां या सास नहीं हैं ? " इस अप्रत्याशित प्रश्न से शिखा चौंक गई ।

" माँ तो बचपन में ही गुजर गयी थी , सास हैं । गांव में रहतीं हैं । ध्रुव को एक ही बार देखा है उन्होंने जब वह छह महीने का था। पूजा करने के लिए गांव गए थे  ।"  शिखा ने बताया ।

" अपनी सास को ले आओ ना , वो बहुत अच्छी तरह बच्चे की देखभाल करेंगी ।" उन्होंने सलाह दी ।

" कैसे ले आऊं , वो आना ही नहीं चाहतीं हैं । एक बार दीपावली मनाने लाए थे , दो-दो बात हो गई और वो फिर कभी आई नहीं ।" शिखा ने आगे बताया कि _" उनको यहां अच्छा नहीं लगता । गांव और गांव का मकान ही पसंद है उन्हें । " और शिखा ने दीपावली की घटना का उल्लेख भी कर दिया ।

अपनी बात खत्म करके जब शिखा ने सिर उठाया तो देखा कि सामने बैठी दबंग महिला  आंखों में नमी थी ।

यह कैसा व्यक्तित्व है ? इतना बड़ा पालनाघर चलाने वाली ये दबंग महिला , एक छोटी सी बात पर रो पड़ी ।

शिखा के पीठ पर हाथ रखकर बोलने लगी _ " आज कितने ही बच्चों को कहानी सुनाने वाली नानी ' लीला '  अपने ही पोते-पोतियों को कभी कहानी नहीं सुना पाई । एक ही बेटा है मेरा , पति की मृत्यु के बाद मेहनत मजदूरी करके पाला था उसको । " बताते हुए वो मानो अपने पुराने दिनों में खो गई ।

" बड़ी नौकरी मिली उसको । बहू भी नौकरी करती थी । अनपढ़ सास का , साथ उसे पसंद नहीं था । उम्र के पैंतालीसवें साल में मुझे महिला आश्रम में रख दिया ।" गहरी सोच में डूबी हुई वो कह रही थी ।

" मैंने भी काम करने का निश्चय किया , उस आश्रम से निकल कर इस नए शहर में आ गई । मेहनत मजदूरी की , लोगों के घर काम किया , खाना बनाने का काम, बच्चों को संभालने का काम किया । " वो अपनी मेहनत के दिनों को याद कर रही थी ।

" अपने दो कमरों के किराए के घर में मैंने बच्चों को रखना शुरू किया ‌। दिनभर बच्चों को संभालती और सुबह शाम घरों के बर्तन साफ कर आती ।" उन्होंने बताया ।

" फिर इतना बड़ा पालनाघर कैसे बनाया आपने ? " शिखा ने आश्चर्य से पूछा ।

"  पहले चार बच्चे थे और मैं अकेली संभालने वाली । मेरा प्यार , रखरखाव बच्चों के माता-पिता को पसंद आने लगा । उसी पैसों से मैंने थोड़ा बड़ा मकान किराए पर ले लिया । मेरी ही तरह बेसहारा औरतें , अतृप्त नानियां- दादियां जुड़ती गई । आज अस्सी के करीब बच्चे हैं और तीस महिलाऐं हैं । " उन्होंने बड़े गर्व के साथ बताया ।

" बेटी , अपनी सास को मना लाओ । एक छोटी सी जिद का परिणाम पूरे परिवार को भुगतना पड़ता है । इस छोटे से बच्चे का क्या कसूर है ? क्यों यह अपनी दादी के प्रेम से वंचित रहे ? " लीला ने शिखा को समझाया ।

"  तुम्हारे पति को अपनी माँ की कितनी याद आती होगी । तुम्हारी एक जिद से  सब अधूरा है ।" उन्होंने सीधी बात कह दी ।

" मैं अपने इस पालनाघर में उन्हीं बच्चों को रखती हूँ जिनकी नानी - दादी कोई नहीं है ।" उन्होंने समझाया _ " जरा सोचो , छोटा मासूम बचपन अपने बुजुर्ग के प्यार , स्पर्श के लिए तरस रहा है । आगे निर्णय तुम्हारा है ।" कहते हुए वो अंदर चली गई ।

शिखा को आज अहसास हुआ कि उसने अपनी जिद को कितना लंबा खींच लिया । एक अकेली बूढ़ी औरत , अपने परिवार से दूर रह रही है । एक बार उसने खुद जाकर उन्हें मना लिया होता तो क्या बिगड़ जाता ?

ध्रुव को वहां खेलता देखकर वह विचार में डूब गई । उसको कोई अधिकार नहीं कि वह एक बेटे को माँ से और पोते को दादी  से दूर रखे ।

एक ठोस निर्णय लेकर वह उठी और ध्रुव का हाथ पकड़ कर बाहर आ गई । रिक्शा किया और सीधे रेल्वे स्टेशन चली गई ।
शनिवार की टिकट लिया और  रिक्शा में ही घर वापस चली गई ।

रास्ते में शिखा ध्रुव को समझा रही थी _ " शनिवार को हम सब दादी के पास गांव जाएंगे । अभी जैसा देखा था ना वैसा ही रहता है गांव। हम दादी को ले आएंगे साथ ही । तुम अब स्कूल से वापस आओगे तो अपने घर में दादी के साथ रहोगे । " शिखा ने खुशी से समझाया ।

" मम्मी , क्या दादी कहानी सुनाएगी ? " भोलेपन से ध्रुव ने पूछा ।

" हाँ मेरे बच्चे , सब कुछ करेंगी वो तुम्हारे लिए ।" शिखा ने ध्रुव को अपने पास चिपकाते हुए कहा ।

रिक्शा तेजी से सड़क पर फिसलता जा रहा था और शिखा का मन माँजी के गांव की गलियों में डूबता जा रहा था ।